पूर्णिया. बिहार के पूर्णिया (Purnia) में दो लड़कों ने मिलकर 12 साल की बच्ची के साथ गैंगरेप (Gang Rape) की घटना को अंजाम दिया. घटना मीरगंज थाना के दमेली संझा घाट की है. घटना के बाद परिजनों ने इसकी लिखित सूचना मीरगंज थाना को दी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. पीड़िता की मां और मामी की मानें तो बच्ची गांव में ही मकई खेत में घास काटने गई थी तभी गांव के नीतीश कुमार, पिता लालू यादव और मनीष कुमार, पिता अशोक यादव जो कि संझा घाट निवासी हैं ने मिलकर बच्ची का मुंह बंद कर दिया और मकई खेत में ले जाकर हाथ पैर बांधकर बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया.
काफी देर बाद जब वो लोग बच्ची को खोजते हुए मकई खेत गए तो वहां देखा कि बच्ची बेसुध पड़ी थी. उसका हाथ पैर और मुंह बंधा हुआ था. तब इसकी सूचना उन लोगों ने दमेली के मुखिया अमित कुमार को दी. सूचना पाकर मुखिया जी मौके पर पहुंचे और इस घटना की सूचना मीरगंज थाना प्रभारी विजय यादव को दी. घटना की सूचना मिलते ही मीरगंज थाना प्रभारी विजय यादव घटनास्थल पर पहुंचे और जांच में जुट गए.
उन्होंने कहा कि पीड़िता की मां द्वारा लिखित आवेदन दिया गया है. फिलहाल दोनों आरोपी फरार हैं. जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. गांव में 12 साल की मासूम बच्ची के साथ हुई इस तरह की दरिंदगी की घटना से लोगों में आक्रोश है. लोग शीघ्र आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. मुखिया अमित कुमार ने बताया कि बच्ची के साथ दरिंदगी करने वाले ऐसे दुष्कर्मी के खिलाफ कानून को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए.